भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने वेस्टइंडीज के खिलाफ जारी दूसरे टेस्ट मैच में 76वां इंटरनेशनल शतक लगाया है। विराट कोहली 500वें इंटरनेशनल मैच में शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं।

वेस्टइंडीज के खिलाफ उन्होंने 180 गेंदों में 100 रन पूरे किए, जोकि टेस्ट फॉर्मेट में उनका 29वां शतक है। कोहली का घर के बाहर ये 15वां शतक है। इस शतकीय पारी की मदद से विराट कोहली ने कई रिकॉर्ड अपने नाम किए। हालांकि शतक लगाने के बाद विराट कोहली ज्यादा देर तक क्रीज पर टिक नहीं सके। कोहली 206 गेंद में 11 चौके लगाकर 121 रन बनाकर रन आउट होकर पवेलियन लौटे।

विराट कोहली वेस्टइंडीज के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज एबी डिविलियर्स को पीछे छोड़ा। वेस्टइंडीज के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड भारत के दिग्गज सुनील गावस्कर के नाम है। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ 13 शतक लगाए हैं। जैक कालिस 12 शतक के साथ दूसरे नंबर पर हैं, जबकि विराट कोहली के नाम 12 शतक हो गए हैं। एबी डिविलियर्स ने 11 शतक लगाए हैं।

वेस्टइंडीज के खिलाफ सर्वाधिक अंतरराष्ट्रीय शतक
13 – सुनील गावस्कर
12 – जैक्स कैलिस
12-विराट कोहली
11- एबी डिविलियर्स

टेस्ट में चौथे नंबर पर सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में विराट कोहली चौथे नंबर पर पहुंच गए हैं। चौथे नंबर पर टेस्ट में बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम हैं, उन्होंने 44 शतक लगाए हैं। दूसरे नंबर पर दक्षिण अफ्रीका के जैक कालिस है, जिन्होंने 35 शतक लगाए हैं। तीसरे नंबर पर श्रीलंका के पूर्व बल्लेबाज महेला जयवर्धने हैं, जिन्होंने 30 शतक लगाए हैं। विराट कोहली 25 शतक के साथ चौथे नंबर पर हैं। ब्रायन लारा 24 शतक के साथ पांचवें नंबर पर हैं।

टेस्ट में नंबर 4 पर सबसे ज्यादा शतक
44 – सचिन तेंदुलकर
35 – जैक्स कैलिस
30 – महेला जयवर्धने
25-विराट कोहली
24 – ब्रायन लारा

500 मैच खेलने के बाद सबसे ज्यादा शतक
500 मैच खेलने के बाद सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में विराट कोहली ने सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ दिया है। विराट कोहली के 500 इंटरनेशनल मैच में 76 शतक हो गए हैं, जबकि सचिन तेंदुलकर ने इतने ही मैच में 75 शतक लगाए हैं। विराट कोहली सबसे तेज 76 इंटरनेशनल शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। वहीं 500वें मैच में शतक लगाने वाले वह पहले बल्लेबाज हैं। विराट ने करीब 5 साल (55 महीने) बाद भारत के बाहर टेस्ट में शतकीय पारी खेली।

500वें मैच में सर्वाधिक शतक:
विराट कोहली- 76*
सचिन तेंदुलकर-75

सर डॉन ब्रैडमैन का रिकॉर्ड की बराबरी की
विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट में 29वां शतक लगाकर ऑस्ट्रेलिया के महान सर डॉन ब्रैडमैन के टेस्ट फॉर्मेट में सर्वाधिक शतक लगाने के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। ब्रैडमैन ने 52 टेस्ट में 29 शतक लगाए थे, जबकि विराट कोहली ने 111वें टेस्ट मैच में ये उपलब्धि हासिल की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *