राहुल गांधी इन दिनों कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक की भारत जोड़ो यात्रा कर रहे हैं। यात्रा इन दिनों भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित कर्नाटक से होकर गुजर रही है। आज उनकी मां और कांग्रेस पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी भी इसमें शामिल हुईं। यात्रा के दौरान राहुल की कई तस्वीरें हाल के दिनों में वायरल हुई हैं। आज जो फोटो सोशल मीडिया में घूम रही है, उसमें वह बीच सड़क पर अपनी मां के जूतों के फीते को बांधते नजर आ रहे हैं।
सोनिया गांधी ने मांड्या जिले के डाक बंगला इलाके से पदयात्रा आरंभ की। वह पहली बार ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल हुईं। सोनिया का कर्नाटक विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले मांड्या में पदयात्रा करना इस मायने में भी महत्वपूर्ण है कि यह देवगौड़ा परिवार के दबदबे वाला क्षेत्र माना जाता है। कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा, “यह ऐतिहासिक क्षण है कि सोनिया गांधी जी इस यात्रा में शामिल हुई हैं। इससे पार्टी कर्नाटक में और मजबूत होगी।”
राहुल गांधी और कांग्रेस के कई अन्य नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने गत सात सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत की थी। इन दिनों यात्रा कर्नाटक में है। यात्रा का समापन अगले साल की शुरुआत में कश्मीर में होगा। इस यात्रा के तहत कुल 3,570 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी।

2022-10-06 15:21:12 https://npphospitaltanda.in/?p=6601

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *